कोटद्वार में कांग्रेस का भाजपा सरकार पर बड़ा हमला,कहा धामी सरकार के चार साल विफलताओं से भरे
महंगाई,बेरोजगारी,कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार में भाजपा सरकार को घेरा

भाजपा धामी सरकार के चार वर्षों की विफलताओं पर महानगर कांग्रेस कोटद्वार ने बोला हमला, प्रेस वार्ता में उठाए राज्य व कोटद्वार के गंभीर मुद्दे
कोटद्वार, 9 जुलाई 2025 में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस महानगर कमेटी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चार वर्ष पूर्ण होने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया और कहा कि इन चार वर्षों में उत्तराखंड विकास की पटरी से पूरी तरह उतर चुका है।महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय मित्तल ने कहा कि धामी सरकार के चार वर्षों में महिलाओं के साथ बलात्कार, हत्या व उत्पीड़न की घटनाएं चरम पर पहुंच गईं, कानून व्यवस्था पूरी तरह से विफल रही है। साथ ही महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पलायन की मार से आम जनता त्रस्त है। वहीं महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने इन चार वर्षों में भ्रष्टाचारियों, भू-माफिया, खनन माफिया और शराब माफिया को खुला संरक्षण दिया है। विभिन्न विभागों में हुए भर्ती घोटालों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
यहां देखें वीडियो👉 मुख्यमंत्री धामी के चार साल के कार्यकाल को क्यों विफल बताया कांग्रेस ने
वहीं चारधाम यात्रा की बदहाल व्यवस्थाएं, दुर्घटनाओं में वृद्धि और सरकारी लापरवाही ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसके साथ ही लंबे समय से सेवाएं दे रहे उपनल कर्मी, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपेक्षा और शोषण के शिकार हैं, जबकि पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग कर रहे कर्मचारियों को उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय मुद्दों पर भी वक्ताओं ने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कोटद्वार में सरकारी अस्पताल की स्थिति दयनीय हो चुकी है डॉक्टरों की भारी कमी, उपकरणों का अभाव और मरीजों की उपेक्षा से जनमानस को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों की हालत खस्ता है, गलियों में कीचड़ और जलभराव आम बात हो गई है। साफ-सफाई, जलनिकासी, स्ट्रीट लाइट और मूलभूत सेवाओं में भारी लापरवाही बरती जा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ विज्ञापनों और खोखले नारों तक सीमित है, जमीन पर कोई कार्य नहीं हुआ। जनता अब परिवर्तन चाहती है और कांग्रेस पार्टी जन-जन तक इन असफलताओं को पहुंचाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।
प्रेस वार्ता में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय मित्तल, कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, प्रदेश सचिव गणेश नेगी, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह बिष्ट, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय रावत, सेवादल महानगर अध्यक्ष महावीर सिंह रावत, प्रदेश महासचिव बृजपाल सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष सुदर्शन रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील सेमवाल, प्रवक्ता राकेश शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी सतेंद्र सिंह नेगी, पार्षद विपिन डोबरियाल, सचिव मानशेर सिंह सैनी, कार्यालय सचिव राजीव कपूर, संरक्षक देवेंद्र सिंह नेगी, सैनिक प्रकोष्ठ चंद्रमोहन सिंह रावत, महामंत्री धर्मेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ कांग्रेसी राजेंद्र असवाल, संरक्षक देवेंद्र सिंह नैथन, महामंत्री राजन चार्ल्स, संरक्षक विजय माहेश्वरी आदि कांग्रेस जन शामिल हुए।
आपको बता दें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में चार साल पूरे कर लिए हैं 2021 में आज के दिन ही उन्हें उत्तराखंड की जिम्मेदारी मिली थी और तब से वह राज्य के मुख्यमंत्री पद में आसीन हैं उनके इस चार वर्षों के कार्यकाल को कांग्रेस पार्टी ने निराशाजनक बताया है